Jammu Kashmir में 100 साल में सबसे भारी बारिश उधमपुर में 24 घंटे में 629.4 मिमी दर्ज

Jammu Kashmir इस समय मॉनसून की तबाही झेल रहा है। पिछले 24 घंटों में उधमपुर और जम्मू जिलों में रिकॉर्ड तोड़ बारिश दर्ज की गई है। उधमपुर में बुधवार सुबह 8:30 बजे तक 24 घंटे में 629.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जो 2019 में दर्ज 342.0 मिमी से लगभग दोगुनी है। वहीं, जम्मू में इसी अवधि में 296.0 मिमी बारिश हुई, जो 1973 के पुराने रिकॉर्ड 272.6 मिमी को पार कर गई है।
भारी बारिश से शहर और ग्रामीण इलाके जलमग्न

बारिश ने हर जगह पानी ही पानी कर दिया है। फुटबॉल मैदान तक पानी भरने के आंकड़े सामने आए हैं। विशेषज्ञों के अनुसार 629.4 मिमी बारिश किसी फुटबॉल ग्राउंड को दो फुट तक भर सकती है, यानी पानी आपके घुटनों तक पहुँच सकता है।
बुनियादी ढांचा बुरी तरह प्रभावित
मॉनसून की वजह से पुल ढह गए, मोबाइल टावर और बिजली के खंभे गिर गए, और कई इलाके अभी भी कटे हुए हैं। प्रशासन लगातार बचाव कार्य में जुटा हुआ है। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बताया कि निचले इलाकों से 5000 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

कम्युनिकेशन और सेवाओं पर बड़ा असर
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने ट्विटर पर बताया कि क्षेत्र अभी भी कम्युनिकेशन ब्लैकआउट और इंटरनेट सेवाओं के ठप होने से जूझ रहा है। स्कूल और कॉलेजों को बंद कर दिया गया है। प्रशासन और आपदा प्रतिक्रिया दल फंसे हुए निवासियों तक मदद पहुँचाने में जुटे हैं।

जम्मू में इतिहास बनाती बारिश
स्काईमेट की रिपोर्ट के अनुसार, जम्मू एयरपोर्ट ऑब्ज़र्वेटरी में मंगलवार को 380 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो 1926 के पुराने रिकॉर्ड 228.6 मिमी को तोड़ देता है। अगस्त 2025 में अब तक जम्मू शहर में 952 मिमी बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है।
सतर्क रहने की अपील
वर्तमान में प्रशासन ने सभी निवासियों से सावधानी बरतने और जलमग्न इलाकों से दूर रहने की अपील की है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई है।