संक्षेप: Noida सेक्टर-70 में लंबे समय से चल रहे सीवरेज ओवरफ्लो से ग्रीन बेल्ट और स्वास्थ्य पर खतरा बढ़ा। मीडिया के दखल के बाद पाइपलाइन ठीक हुई, लेकिन सफाई और मरम्मत का काम अभी बाकी है।
Noida -70 में सीवरेज ओवरफ्लो से लोगों की बढ़ी परेशानी
Noida के सेक्टर-70 में पैन ओएसिस सोसाइटी के सामने एक बार फिर नोएडा अथॉरिटी की लापरवाही उजागर हुई है। यहां की मुख्य सीवर लाइन लंबे समय से ओवरफ्लो हो रही थी, जिससे गंदा पानी आसपास के ग्रीन बेल्ट में फैल रहा था। इस वजह से ग्रीन बेल्ट में लगे सैकड़ों पेड़ों पर बुरा असर पड़ा है और कई पेड़ सूखने की कगार पर पहुंच गए हैं।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह समस्या एक-दो दिन की नहीं, बल्कि करीब एक साल से बनी हुई है। इसके बावजूद संबंधित विभाग समय पर कोई ठोस कदम नहीं उठा सका, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
गड्ढों और गंदगी से बीमारी का बढ़ा खतरा
स्थिति तब और गंभीर हो गई जब सेक्टर-70 के गेट नंबर 4 से पैन ओएसिस सोसाइटी तक फैले ग्रीन बेल्ट में कई जगह गहरे गड्ढे बन गए। बारिश के दौरान ये गड्ढे पानी से भर जाते हैं और समय के साथ सड़ने लगते हैं।
इससे इलाके में मच्छरों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, जिससे डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। निवासियों का कहना है कि बदबू और गंदगी के कारण उस रास्ते से गुजरना भी मुश्किल हो गया है।
शिकायतों के बावजूद नहीं मिली राहत, RWA में नाराजगी
इलाके की रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) ने बागवानी विभाग को कई बार लिखित शिकायतें दीं, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला। RWA पदाधिकारियों का आरोप है कि न तो सीवर लाइन की ठीक से सफाई की गई और न ही गड्ढों को भरने या ग्रीन बेल्ट की मरम्मत के लिए कोई स्थायी समाधान निकाला गया।
-1770464446163.webp)
एक साल तक समस्या जस की तस रहने से लोगों में अथॉरिटी के कामकाज को लेकर गुस्सा बढ़ गया है।
मीडिया के दखल के बाद हरकत में आया प्रशासन
जब मीडिया ने इस मुद्दे को उठाया और अथॉरिटी के बागवानी विभाग, ठेकेदारों और जल विभाग के अधिकारियों से बात की, तो मामले पर तुरंत कार्रवाई शुरू हुई। जल विभाग के अधिकारी आरपी सिंह के निर्देश पर एक टीम मौके पर पहुंची और नाले के पास पाइपलाइन की मरम्मत की।
इस मरम्मत के बाद सीवर के पानी का बहाव रुक गया, जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि, निवासियों का कहना है कि गड्ढों की मरम्मत और ग्रीन बेल्ट की सफाई का काम अभी भी बाकी है।
अधिकारियों का आश्वासन, जल्द होगा बाकी काम
बागवानी विभाग के निदेशक आनंद मोहन सिंह ने कहा कि पाइपलाइन की समस्या का समाधान कर दिया गया है। साथ ही गड्ढों की समस्या को भी जल्द ठीक करने के लिए कदम उठाए जाएंगे, ताकि जनता को राहत मिल सके।
RWA प्रेसिडेंट अमित चौहान ने कहा कि एक साल तक शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं हुआ, लेकिन मीडिया के दखल के बाद हुई कार्रवाई सराहनीय है। वहीं स्थानीय निवासी गौरव भाटी ने माना कि सीवेज ओवरफ्लो रुकना फिलहाल बड़ी राहत है।
एससी चौहान और प्रमोद यादव ने भी कहा कि अब ग्रीन बेल्ट की सफाई और गड्ढों की मरम्मत का काम जल्द पूरा होना चाहिए, ताकि इलाके में सामान्य स्थिति बहाल हो सके।
यह भी पढ़ें: Bhartiya TV के साथ पढ़ें हिंदी न्यूज़: हिंदी समाचार, Today Hindi News, Latest Breaking News in Hindi – Bhartiyatv.com
Noida स्कूलों में स्टूडेंट्स की सुरक्षा पर फोकस, गुड टच-बैड टच पर शुरू हुए काउंसलिंग सेशन