Wednesday, February 4, 2026

देहरादून में अवैध मजार पर चला बुलडोजर, प्रशासन की रातों-रात कार्रवाई

by pankaj Choudhary
Company: Bulldozer ran on illegal mazaar on government land of Doon Hospital, structure demolished overnight

मजार को सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर बनाया गया था

देहरादून:
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में दून अस्पताल परिसर में बनी एक अवैध मजार को प्रशासन ने देर रात बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री पोर्टल पर इस अवैध निर्माण की शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने पहले मौके का निरीक्षण किया, जिसमें यह पुष्टि हुई कि मजार सरकारी जमीन पर कब्जा कर बनाई गई थी।

प्रशासन ने देर रात कार्रवाई करते हुए मजार को जमींदोज कर दिया। अधिकारियों ने इस कार्रवाई को रात के समय अंजाम दिया ताकि अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों और आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। जानकारी के मुताबिक, ध्वस्तीकरण के बाद मलबे में से कोई विशेष अवशेष भी नहीं मिला है।


हरिद्वार में भी हुई थी अवैध मजार पर कार्रवाई

मार्च 2025 में हरिद्वार के सुमन नगर क्षेत्र में भी अवैध मजार के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कदम उठाया था। सिंचाई विभाग की जमीन पर कब्जा कर बनाई गई मजार को जिला प्रशासन ने बुलडोजर से गिराया था। इससे पहले नोटिस जारी कर अवैध कब्जाधारियों को हटने का समय दिया गया था, लेकिन समयसीमा पूरी होने के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की थी।

यह कार्रवाई मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेशभर में चल रहे अवैध धार्मिक निर्माणों के खिलाफ व्यापक अभियान का हिस्सा थी।


हरिद्वार में मदरसों पर भी हुई थी सख्त कार्रवाई

इसी साल 25 मार्च को हरिद्वार में पुलिस-प्रशासन की संयुक्त टीम ने अलग-अलग स्थानों पर आठ मदरसों को भी सील किया था। इस दौरान पुलिस ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके और किसी भी प्रकार का तनाव न फैले।

सरकार का स्पष्ट निर्देश है कि किसी भी प्रकार के अवैध धार्मिक निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, चाहे वह किसी भी समुदाय से संबंधित हो। इस नीति के तहत पूरे राज्य में लगातार कार्रवाई जारी है।

You may also like

Leave a Comment

Adblock Detected

Please support us by disabling your AdBlocker extension in your browsers for our website.