Delhi Car Blast: लाल किले के पास चलती कार में भयानक धमाका, 8 की मौत, 20 घायल – पूरी लिस्ट जारी
नई दिल्ली।
Delhi Car Blast देश की राजधानी दिल्ली सोमवार की शाम एक बार फिर दहशत में आ गई। लाल किले के पास एक चलती कार में हुआ जोरदार धमाका पूरे इलाके में अफरातफरी मचा गया। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के इलाकों के लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। शुरुआती जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि धमाका गैस सिलेंडर, तकनीकी खराबी या किसी आतंकी साजिश का नतीजा था, लेकिन घटना की गंभीरता को देखते हुए गृह मंत्री अमित शाह खुद घटनास्थल पर पहुंचे और जांच एजेंसियों को हर कोण से पड़ताल के निर्देश दिए हैं।
गृह मंत्री अमित शाह ने की समीक्षा, बोले – “हर एंगल से होगी जांच”
गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार देर शाम LNJP अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने घटनास्थल का भी निरीक्षण किया और मीडिया से कहा,
दिल्ली के इस हादसे की जांच हर एंगल से की जाएगी। कोई भी दोषी बख्शा नहीं जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने भी घटना की जानकारी ली है और राहत कार्यों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।”
अमित शाह के अनुसार, अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है और 20 से अधिक लोग घायल हैं। उन्होंने कहा कि सभी घायलों का इलाज सरकार के खर्चे पर होगा और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता दी जाएगी।

डॉक्टरों का दावा – “मौतों की संख्या बढ़ सकती है”
एलएनजेपी अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि शुरुआती रिपोर्ट में 13 लोगों की मौत बताई गई थी, लेकिन फिलहाल 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। कई घायल अभी भी गंभीर अवस्था में हैं और उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, कुछ घायल 70 से 80 प्रतिशत तक झुलस चुके हैं, ऐसे में मौतों का आंकड़ा बढ़ सकता है।
दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने दी जानकारी
दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा ने बताया कि धमाका शाम 6:52 बजे लाल किले के पास हुआ। एक कार में विस्फोट हुआ जिसमें कई यात्री सवार थे। धमाके से पास खड़ी अन्य गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हुई हैं।
उन्होंने बताया,
पुलिस, एनआईए, एनएसजी और फोरेंसिक टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं। कार के मलबे की जांच चल रही है। यह तकनीकी गड़बड़ी थी या किसी ने इसे अंजाम दिया, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।”
धमाके के बाद का मंजर – लोग दहशत में भागे
धमाके के बाद लाल किले के आसपास का इलाका धुएं से भर गया। चश्मदीदों के अनुसार, धमाका इतना जबरदस्त था कि गाड़ियों के शीशे तक टूट गए। कई राहगीर घायल हो गए और चारों ओर भगदड़ मच गई।
पास के दुकानदारों ने बताया कि कुछ सेकंड तक “सुनने की क्षमता तक खत्म हो गई थी।” दिल्ली पुलिस और दमकल की 10 से अधिक गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया।
मृतकों और घायलों की पूरी लिस्ट आई सामने
दिल्ली ब्लास्ट में घायल और मृतकों की लिस्ट जारी कर दी गई है। इस लिस्ट में कुल 28 लोगों के नाम शामिल हैं, जिनमें 8 मृतक और 20 घायल हैं।
मृतकों की सूची:
- अशोक कुमार, पुत्र जगबंश सिंह, हसनपुर, अमरोहा (उत्तर प्रदेश)
- अज्ञात
- अज्ञात
- अज्ञात
- अज्ञात
- अज्ञात
- अज्ञात (अमान)
- अज्ञात
घायलों की सूची:
- शायना परवीन पुत्री मोहम्मद सैफुल्लाह, मिर्फ़ रोड, दिल्ली
- हर्षुल पुत्र संजीव सेठी, गदरपुर, उत्तराखंड
- शिवा जायसवाल पुत्र अज्ञात, देवरिया, उत्तर प्रदेश
- समीर पुत्र अज्ञात, मंडावली, दिल्ली
- जोगिंदर पुत्र अज्ञात, नंद नगरी, दिल्ली
- भवानी शंकर शर्मा पुत्र अज्ञात, संगम विहार, दिल्ली
- गीता पुत्री शिव प्रसाद, कृष्णा विहार, दिल्ली
- विनय पाठक पुत्र रामकांत पाठक, आया नगर, दिल्ली
- पप्पू पुत्र दूधवी राम, आगरा, उत्तर प्रदेश
- विनोद पुत्र विशाल सिंह, बटजीत नगर, दिल्ली
- शिवम झा पुत्र संतोष झा, उस्मानपुर, दिल्ली
- मोहम्मद शहनवाज पुत्र अहमद जमन, दरियागंज, दिल्ली
- अंकुश शर्मा पुत्र सुधीर शर्मा, ईस्ट रोहताश नगर, शाहदरा
- मोहम्मद फारुख पुत्र अब्दुल कादिर, दरियागंज, दिल्ली
- तिलक राज पुत्र किशन चंद, रोहमपुर, हिमाचल प्रदेश
- मोहम्मद सफवान पुत्र मोहम्मद गुफ़रान, सीता राम बाजार, दिल्ली
- मोहम्मद दाऊद पुत्र जानुद्दीन, अशोक विहार, लोनी, गाज़ियाबाद
- किशोरी लाल पुत्र मोहन लाल, यमुना बाजार, कश्मीरी गेट, दिल्ली
- आज़ाद पुत्र रसूलुद्दीन, कर्तार नगर, दिल्ली
- अज्ञात (घायल)
जांच एजेंसियां अलर्ट पर – आतंकी साजिश की भी आशंका
गृह मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि जांच एजेंसियां फिलहाल सभी संभावनाओं पर काम कर रही हैं। एनआईए और एनएसजी की टीमें घटनास्थल से नमूने इकट्ठा कर रही हैं।
केंद्रीय खुफिया एजेंसियों ने भी दिल्ली पुलिस को अलर्ट रहने को कहा है क्योंकि हाल के दिनों में कई संदिग्ध आतंकी मॉड्यूल पकड़े गए हैं।
पीएम मोदी ने ली पूरी जानकारी, जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली धमाके पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा,
दिल्ली में हुए हादसे से दुखी हूं। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”

लाल किला क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाई गई
धमाके के बाद से लाल किला और उसके आसपास के सभी इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पर्यटकों की एंट्री अस्थायी रूप से रोक दी गई है। पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और सीसीटीवी फुटेज की जांच जारी है।
दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दिल्ली-एनसीआर के सभी एंट्री पॉइंट्स पर गाड़ियों की सघन जांच की जा रही है।
लोगों में दहशत, सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो
धमाके के कुछ ही मिनटों में सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हो गए। इनमें दिखा कि कार पूरी तरह जल चुकी थी और आसपास लोग मदद के लिए चिल्ला रहे थे। कई यूज़र्स ने इसे आतंकी हमले की आशंका बताया, लेकिन पुलिस ने फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं की है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या कहा
एक चश्मदीद सलीम खान ने बताया,
हम लाल किले के पास थे, तभी एक कार धीरे-धीरे चल रही थी। अचानक तेज धमाका हुआ, और आग का गोला ऊपर उठा। लोग डर के मारे इधर-उधर भागे। कुछ लोग कार के पास जाकर मदद करने की कोशिश कर रहे थे लेकिन आग बहुत तेज थी।”
फोरेंसिक टीम जुटी सबूत इकट्ठा करने में
फोरेंसिक विशेषज्ञों ने बताया कि उन्हें कार के अवशेषों से कुछ मेटल के टुकड़े मिले हैं, जो विस्फोटक डिवाइस का हिस्सा हो सकते हैं। हालांकि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
टीम के अनुसार, धमाका संभवतः अंदर से हुआ है और विस्फोटक पदार्थ पेट्रोल टैंक या डिब्बे में रखा गया हो सकता है।
राजधानी में बढ़ाया गया हाई अलर्ट
दिल्ली पुलिस ने पूरे शहर में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। सभी मेट्रो स्टेशनों, रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर सुरक्षा जांच बढ़ा दी गई है। विशेष रूप से लाल किला, इंडिया गेट, चांदनी चौक और जामा मस्जिद के आसपास भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें:
👉 Bhartiya TV के साथ पढ़ें हिंदी न्यूज़: हिंदी समाचार, Today Hindi News, Latest Breaking News in Hindi – Bhartiyatv.com