Uttarakhand में अलकनंदा का विकराल रूप, बद्रीनाथ हाईवे डूबा

Uttarakhand में मानसून ने फिर से कहर बरपा दिया है। रुद्रप्रयाग जिले में अलकनंदा नदी विकराल रूप में बह रही है। सिरोबगड़ के पास बद्रीनाथ हाईवे पूरी तरह डूब गया है। नदी का पानी मिनी गोवा बीच होते हुए हाईवे तक आ पहुंचा, जिसके बाद प्रशासन ने आवाजाही रोक दी है। लोगों का कहना है कि 2013 की तबाही के बाद ऐसा दृश्य पहली बार देखने को मिला है।
धारी देवी मंदिर तक पहुंचा अलकनंदा का पानी

रुद्रप्रयाग का प्रसिद्ध धारी देवी मंदिर भी अलकनंदा की चपेट में आ गया है। मंदिर के आसपास नदी का जलस्तर खतरनाक स्तर तक बढ़ गया है। स्थानीय लोग और यात्री भयभीत हैं क्योंकि यह मंदिर पहले भी आपदा के समय चर्चा में रहा था।
भीमताल मार्ग पर मलबा, यातायात बाधित
भारी बारिश की वजह से नैनीताल जिले के रानीबाग के पास भीमताल मार्ग पर पुल के पास भारी मलबा आ गया। इससे यातायात पूरी तरह से ठप हो गया है। मौके पर पुलिस और प्रशासन मौजूद है और जेसीबी मशीन से सड़क से मलबा हटाने का काम जारी है।
उत्तरकाशी में गंगोत्री हाईवे पर संकट
उत्तरकाशी में भी बारिश का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। भटवाड़ी स्थित पापड़ गाड़ में उफान आने से बीआरओ का पुल बाल-बाल बचा। पुल पर भारी कटाव हुआ और बड़े-बड़े पेड़ व पत्थर पुल के ऊपर आकर अटक गए। इससे हाईवे पर खड़े वाहनों और मशीनों को भी नुकसान पहुंचा है।
चमोली में बादल फटने से तबाही
चमोली जिले के देवाल तहसील के मोपाटा गांव में गुरुवार देर रात बादल फट गया। इस आपदा में गांव के तारा सिंह और उनकी पत्नी लापता हैं। वहीं विक्रम सिंह और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों के अनुसार रात करीब ढाई बजे तेज बारिश के साथ बादल फटा और देखते ही देखते मकान और गोशाला मलबे में दब गए। करीब 20 मवेशियों के दबने की भी आशंका है। प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंच गए हैं और बचाव कार्य जारी है।
औसत से 15% ज्यादा बरस रहा है मानसून
भारत मौसम विभाग के अनुसार, इस साल उत्तराखंड में 1075 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो औसत से करीब 15% अधिक है। मानसून इस बार सामान्य से पहले आया और अब लगातार आपदा जैसी स्थितियां पैदा कर रहा है।
यह भी पढ़ें: Bhartiya TV के साथ पढ़ें हिंदी न्यूज़: हिंदी समाचार, Today Hindi News, Latest Breaking News in Hindi – Bhartiyatv.com
Greater Noida की शान: कोमल नागर बनीं ICDS पर्यवेक्षक अधिकारी विधायक तेजपाल सिंह नागर ने दी बधाई