Shopping Mall Fire in Iraq: हादसा इराक के एक व्यस्त शॉपिंग मॉल में हुआ, जहां अचानक लगी आग ने अफरा-तफरी मचा दी। दमकल कर्मी राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं, कई लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।
भवन में भीषण आग की लपटे उठती दिख रही है, वहीं फायर ब्रिगेड की टीमें आग बुझाने में जुटी हुई हैं।
पूर्वी इराक के अल -कूट शहर में स्थित एक हाइपरमार्केट में गुरुवार को भीषण आग लग गई, जिसमें 50 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस भयावह हादसे की पुष्टि इराक की सरकारी समाचार एजेंसी (INA) ने की है, जिसने यह जानकारी वासीट प्रांत के गवर्नर के हवाले से दी। हादसे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि अल कूट की एक पांच मंजिला इमारत आग की भीषण लपटों में घिरी हुई है। चारों ओर धुएं का गुबार फैला है और लोग दहशत में नज़र आ रहे हैं। इमारत से ऊंची ऊंची लपटें उठ रही है, जो दूर दूर तक दिखाई दे रही है। दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच कर लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही है, लेकिन आग इतनी भीषण है कि उसे नियंत्रित करना बेहद चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है।

रेक्सयू ऑपरेशन भी युद्धस्तर पर चल रहा है और राहत कर्मी मलबे और धुएं से भरी इमारत के भीतर फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश में लगे हैं। स्थानीय प्रशासन ने आशंका जताई है कि मरने वालों की संख्या अभी और बढ़ सकती है, क्योंकि कई लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।
यह घटना न केवल इराक बल्कि पूरी दुनिया को झकझोर देने वाली है, जिसने एक बार फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं कि क्या सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतेज़ाम किए गए हैं?
इराकी सरकारी समाचार एजेंसी आईएनए के अनुसार, फिलहाल आग लगने के सही कारण का पता नहीं चल पाया है। हालांकि, वासिट प्रांत के गवर्नर ने स्पष्ट किया है की जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आग किन परिस्थितियों में लगी। उन्होंने यह भी कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने इमारत और माल के मालिकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

गवर्नर के हवाले से आईएनए ने कहा, “हमने इमारत और मॉल के मालिकों पर मुकदमा दर्ज कराया है, ताकि जिम्मेदार लोगों को सजा दिलाई जा सके।” प्रशासन का कहना है कि इस हादसे में लापरवाही की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता, और इसलिए जांच के दायरे में सभी संभावित वजहों को शामिल किया जाएगा।