Noida में बढ़ते प्रदूषण पर स्कूलों की बड़ी पहल: आउटडोर गतिविधियां बंद, बच्चों के लिए मास्क पहनना अनिवार्य
Noida में प्रदूषण के कारण स्कूलों ने कड़े कदम उठाए
Noida में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार खतरनाक स्थिति में पहुंचने के बाद अब स्कूल प्रशासन ने बच्चों की सेहत को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। शहर के सभी सरकारी और निजी स्कूलों ने आउटडोर गतिविधियों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। साथ ही, छात्रों के लिए मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया गया है।
छात्रों की सुरक्षा के लिए सख्त दिशा-निर्देश
स्कूल प्रशासन ने बताया कि बच्चों को प्रदूषण से बचाने के लिए विशेष इंतज़ाम किए गए हैं।

- सभी स्कूलों में सुबह की प्रार्थना सभाएं खुले मैदान में बंद कर दी गई हैं।
- इनडोर शिक्षण और गतिविधियों को प्राथमिकता दी जा रही है।
- कई निजी स्कूलों में एयर प्यूरिफायर लगाए गए हैं ताकि कक्षाओं में हवा साफ रखी जा सके।
- बच्चों को स्वच्छ वायु क्लब जैसी गतिविधियों के माध्यम से प्रदूषण से बचाव के तरीके भी सिखाए जा रहे हैं।
स्वास्थ्य और स्वच्छता पर जोर
विद्यालय प्रशासन ने बच्चों को यह सलाह दी है कि वे किसी के साथ मास्क, पानी की बोतल या टिफिन साझा न करें, जिससे संक्रमण का खतरा न बढ़े। साथ ही, पौष्टिक आहार लेने और पर्याप्त पानी पीने पर भी बल दिया जा रहा है।
स्मिता मिश्रा, प्राधानाचार्या, कार्ल हबर पब्लिक स्कूल, ने कहा—
हमने बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आउटडोर गतिविधियां रोक दी हैं। अब केवल इनडोर कक्षाएं और गतिविधियां कराई जा रही हैं। सभी छात्रों और स्टाफ को मास्क पहनना जरूरी है।”
वहीं आरती शर्मा, प्राधानाचार्या, सिटी लुक पब्लिक स्कूल, ने बताया—

हम बच्चों को जागरूक कर रहे हैं कि वे प्रदूषण से बचाव के उपाय अपनाएं। माता-पिता से भी सहयोग की अपील की गई है ताकि बच्चे सुरक्षित रह सकें।”
इनडोर खेलों से बनाए जा रहा बच्चों का उत्साह
बच्चों के उत्साह और शारीरिक सक्रियता को बनाए रखने के लिए अब स्कूलों में इनडोर खेल, पेंटिंग और क्रिएटिव वर्कशॉप्स आयोजित की जा रही हैं। शिक्षकों का कहना है कि इससे न केवल बच्चों का मनोबल ऊंचा रहता है, बल्कि पढ़ाई में भी उनकी रुचि बनी रहती है।
अभिभावकों से अपील
स्कूलों ने अभिभावकों से अनुरोध किया है कि वे अपने बच्चों को घर से निकलते समय मास्क पहनाएं और उन्हें अनावश्यक रूप से बाहर जाने से रोकें। साथ ही, घर में भी एयर-प्यूरीफाइंग पौधे लगाकर वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने की सलाह दी गई है।











