Thursday, February 5, 2026

नकली प्रेग्नेंसी से हो रही करोड़ों की धोखाधड़ी: जानें कैसे नकली बेबी बंप बनाकर लोगों को ठगा जा रहा है

by Vijay Parajapati
Pregnancy Scam पर्दाफ़ास

दुनिया भर में इलाज के नाम पर धोखाधड़ी के मामले अक्सर सामने आते हैं। लेकिन नाइजीरिया से आई एक रिपोर्ट ने चिकित्सा जगत को झकझोर कर रख दिया है। यहां फर्जी डॉक्टर और नकली क्लिनिक महिलाओं को गर्भवती होने का झूठा यकीन दिलाने के लिए अनैतिक और भ्रामक तरीकों का इस्तेमाल कर रहे हैं। यह धोखाधड़ी न केवल महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए खतरनाक है, बल्कि भावनात्मक और आर्थिक रूप से भी उन्हें तोड़कर रख देती है। नकली दवाएं, फर्जी अल्ट्रासाउंड और बेबी बंप जैसी चालों से महिलाओं को ठगा जा रहा है।


कैसे होता है यह फर्जीवाड़ा?

बीबीसी की एक रिपोर्ट के अनुसार, नाइजीरिया में कई क्लिनिक गर्भधारण की समस्या से जूझ रही महिलाओं को इलाज का झांसा देते हैं। इन क्लिनिक्स में मरीजों को महंगी दवाएं, इंजेक्शन और झूठे अल्ट्रासाउंड दिखाए जाते हैं। अल्ट्रासाउंड के दौरान महिलाओं को पहले से रिकॉर्ड की गई फिल्में दिखाकर विश्वास दिलाया जाता है कि उनके गर्भ में बच्चा पल रहा है। यही नहीं, इलाज के दौरान दिए जाने वाले इंजेक्शन और अन्य दवाओं से महिलाओं का पेट सूज जाता है, जिसे फर्जी बेबी बंप के रूप में पेश किया जाता है। यह सब इतनी चालाकी से किया जाता है कि महिलाएं और उनके परिवार धोखाधड़ी को सच मान लेते हैं।


15 महीने तक चला धोखा

बीबीसी की रिपोर्ट में ठगी का शिकार हुई एक महिला ने बताया कि उसने एक स्थानीय क्लिनिक में गर्भधारण का इलाज कराया। 15 महीने तक उसे यह विश्वास दिलाया गया कि वह गर्भवती है। उसके पेट का आकार बढ़ने और वजन बढ़ने से वह खुद भी यकीन करने लगी। लेकिन जब 15 महीने तक कोई बच्चा नहीं हुआ, तो उसके पति और परिवार को शक हुआ। पुलिस में शिकायत करने के बाद पता चला कि जो डॉक्टर और नर्स उसका इलाज कर रहे थे, वे असल में धोखेबाज थे। वे महिलाओं को नकली इलाज देकर उनके साथ ठगी कर रहे थे।


लाखों की ठगी से भरते थे अपनी जेबें

इस तरह की धोखाधड़ी सिर्फ भावनात्मक और शारीरिक शोषण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आर्थिक रूप से भी महिलाओं को बर्बाद कर देती है। नाइजीरिया के अनाम्ब्रा राज्य में स्थित एक फर्जी क्लिनिक का पर्दाफाश हुआ है। यह क्लिनिक एक होटल के कमरे में चल रहा था। यहां इलाज के लिए महिलाओं से 350,000 नाइरा ($205) से लेकर 2 मिलियन नाइरा ($1,180) तक वसूले जाते थे। महिलाओं को फर्जी दवाएं और इलाज दिया जाता था। यहां तक कि कई बार गरीब महिलाओं या अनाथालयों से बच्चों को चोरी कर उन्हें इलाज कराने वाली महिलाओं को यह कहकर सौंप दिया जाता था कि ये उनके अपने बच्चे हैं।


नकली बेबी बंप से रहें सतर्क

नाइजीरिया में सामने आया यह प्रेग्नेंसी स्कैम चिकित्सा जगत की नैतिकता पर सवाल उठाता है। यह न केवल एक गंभीर अपराध है, बल्कि महिलाओं के स्वास्थ्य और विश्वास के साथ खिलवाड़ भी है। यह घटना सभी के लिए एक चेतावनी है कि वे इलाज के लिए केवल प्रमाणित और भरोसेमंद चिकित्सा संस्थानों का ही चुनाव करें। फर्जी डॉक्टरों और झूठे क्लिनिक्स से सतर्क रहें और किसी भी संदेहास्पद गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय अधिकारियों को दें।

You may also like

Leave a Comment

Adblock Detected

Please support us by disabling your AdBlocker extension in your browsers for our website.