Tik Tok : क्या भारत में TikTok की वापसी होने वाली है? ऐप तो नहीं, लेकिन कुछ यूजर्स चला पा रहे वेबसाइट
भारत में TikTok की आधिकारिक वापसी अभी तक नहीं हुई है और ऐप भी गूगल प्ले स्टोर व एप्पल स्टोर पर उपलब्ध नहीं है। हालांकि, कुछ यूजर्स ने दावा किया है कि वे TikTok की वेबसाइट के जरिए वीडियो देख पा रहे हैं। इससे यूजर्स के बीच सवाल उठने लगे हैं कि क्या भारत में TikTok की वापसी की तैयारी हो रही है। सरकार की ओर से फिलहाल इस पर कोई बयान सामने नहीं आया है।

भारत में कुछ यूजर्स टिकटॉक को वेबसाइट पर चला पा रहे हैं, इसका ऐप अब भी प्ले स्टोर या ऐपल स्टोर पर उपलब्ध नहीं है। भारत और चीन के सामान्य होते रिश्तों के बीच टिकटॉक यूजर्स के लिए यह बड़ी खबर है।
चीन का वीडियो शेयरिंग प्लेटफॉर्म टिकटॉक करीब 5 साल बाद भारत में एक्टिव हुआ है। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने लिखा कि वे वेबसाइट पर टिकटॉक चला पा रहे है। अब अटकलें तेज हो गई हैं कि क्या टिकटॉक भारत में पूरी तरह से वापसी करने वाला है। यदि ऐसा होता है तो पुराने टिक टॉक यूजर्स के लिए यह खुशी की बात होगी। हालांकि, टिकटॉक की कंपनी बाइटडांस या खुद टिकटॉक की ओर से इस बारे में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

कुछ यूजर्स देख पा रहे, कुछ नहीं
इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ यूजर्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया है कि वेबसाइट पर टिकटॉक काम कर रहा है। कुछ ने कहा वे तो वेबसाइट पर भी टिकटॉक नहीं चला पा रहे हैं। वहीं कुछ यूजर्स ऐसे भी हैं, जो सब-पेज नहीं खोल पा रहे हैं। कयास हैं कि टिकटॉक की वापसी धीरे-धीरे यानी चरणबद्ध तरीके से हो सकती है।
ऐप अब भी उपलब्ध नहीं

गौर करने वाली बात ये है कि वेबसाइट कुछ यूजर्स के लिए खुल रही है, लेकिन टिकटॉक का मोबाइल ऐप अभी भी भारत में उपलब्ध नहीं है। गूगल प्ले स्टोर और ऐपल ऐप स्टोर पर टिकटॉक डाउनलोड के लिए मौजूद नहीं है। इसका मतलब है कि टिकटॉक की पूरी तरह से वापसी के लिए अभी और इंतजार करना पड़ सकता है।
साल 2020 में क्यों बैन हुआ था TikTok?
साल 2020 में भारत सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा और संप्रभुता के खतरे का हवाला देते हुए टिकटॉक सहित 59 चीनी ऐप्स पर प्रतिबंध लगाया था। यह फैसला भारत और चीन के बीच गलवान घाटी में हुई हिंसक झड़पों के बाद लिया गया। सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने कहा था कि ये ऐप्स भारत की संप्रभुता, अखंडता, रक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था के लिए खतरा थे। प्रतिबंध के तहत टिकटॉक के अलावा ShareIt, MI Video Call, Club Factory और Camscanner जैसे ऐप्स भी शामिल थे। यह बैन जून 2020 से लागू हुआ था।
बाइटडांस को हुआ था नुकसान
टिकटॉक पर प्रतिबंध के बाद इसकी मूल कंपनी बाइटडांस को बड़ा नुकसान हुआ था। रातों-रात टिकटॉक ने भारत में अपने 200 मिलियन से ज्यादा यूजर्स खो दिए थे। भारत टिकटॉक के लिए एक बड़ा बाजार था, इस प्रतिबंध ने कंपनी की वैश्विक स्थिति पर भी असर डाला। भारत का यह कदम चीन की तकनीकी ताकत को कमजोर करने की दिशा में प्रभावी माना गया था।
भारत और चीन के रिश्ते सुधर रहे हैं
हाल के दिनों में भारत और चीन के रिश्ते सुधरने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। दोनों देशों ने सीमा विवाद को सुलझाने के लिए 24 दौर की बातचीत की है। चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने भी भारत की यात्रा की है। सीमा पर तनाव कम हुआ है। भारत से चीन के लिए सीधी लिए उड़ानें भी शुरू होने की घोषणा हुई है। इसके अलावा, व्हाइट हाउस ने भी मंगलवार को एक आधिकारिक टिकटॉक अकाउंट लॉन्च किया था।
यह भी पढ़ें:
Bhartiya TV के साथ पढ़ें हिंदी न्यूज़: हिंदी समाचार, Today Hindi News, Latest Breaking News in Hindi – Bhartiyatv.com
Bharat में सबसे ज्यादा घुसपैठिए कहां? पीएम मोदी का डेमोग्राफी मिशन देगा जवाब