Jodhpur में दर्दनाक हादसा: ट्रेलर से टकराई तेज रफ्तार बस, 18 लोगों की दर्दनाक मौत
Jodhpur राजस्थान के जोधपुर जिले के फलोदी इलाके में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ जिसने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। यहां एक तेज रफ्तार टूरिस्ट बस खड़े ट्रेलर से टकरा गई। हादसा इतना भयानक था कि मौके पर ही कई लोगों की मौत हो गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

फलोदी के मतोड़ा क्षेत्र में हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक यह हादसा जोधपुर के फलोदी उपखंड के मतोड़ा क्षेत्र में भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर हुआ। बताया जा रहा है कि श्रद्धालु बीकानेर के कोलायत दर्शन करके सूरसागर वापस लौट रहे थे। रास्ते में बस ने नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में जा घुसी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चश्मदीदों के अनुसार, टक्कर के बाद बस में चीख-पुकार मच गई और लोग बाहर निकलने के लिए संघर्ष करने लगे।

पुलिस और प्रशासन मौके पर
हादसे की सूचना मिलते ही फलोदी थाना पुलिस, पुलिस कमिश्नर ओम प्रकाश और एमडीएम अस्पताल के सुपरिंटेंडेंट विकास राजपुरोहित सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायलों को तुरंत ट्रॉमा सेंटर और अन्य नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
थाना अधिकारी अमानाराम ने बताया कि इस हादसे में 18 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 3 से 4 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों का इलाज जारी है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जताया शोक
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने जोधपुर के कलेक्टर और एसपी को निर्देश दिए हैं कि घायलों को ग्रीन कॉरिडोर बनाकर जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाया जाए और उन्हें बेहतर चिकित्सा उपलब्ध कराई जाए।
सीएम ने पोस्ट कर कहा — “जोधपुर जिले में हुए सड़क हादसे की खबर से मन व्यथित है। दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की ईश्वर से प्रार्थना करता हूं।”
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि बस की रफ्तार बहुत तेज थी और चालक ने नियंत्रण खो दिया था। आसपास के चश्मदीदों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि हादसे की सटीक वजह का पता लगाया जा सके।
यह भी पढ़ें: Bhartiya TV के साथ पढ़ें हिंदी न्यूज़: हिंदी समाचार, Today Hindi News, Latest Breaking News in Hindi – Bhartiyatv.com