Wednesday, February 4, 2026

मंदिर पर खालिस्तानी हमला और पुलिस की संदिग्ध भूमिका, क्या ट्रूडो देंगे इसका जवाब?

by Vijay Parajapati
Khalistani Attack on Hindu's Temple

कनाडा के ब्रैम्पटन में खालिस्तानी झंडे लेकर आए प्रदर्शनकारियों ने एक हिंदू मंदिर में हमला कर लोगों के साथ हिंसा की। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना की कड़ी निंदा की और कहा कि ऐसे हमले भारत के संकल्प को कमजोर नहीं कर सकते। इस हमले के बाद से दुनियाभर में कनाडा की आलोचना हो रही है, खासकर भारत में इस घटना को लेकर आक्रोश है।

ट्रूडो ने की निंदा, लेकिन आलोचना जारी

कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने इस हमले की निंदा करते हुए कहा कि हर कनाडाई को अपने धर्म का पालन करने का अधिकार है। हालांकि, इस घटना में कनाडा पुलिसकर्मियों की संदिग्ध भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। ट्रूडो ने बयान जारी करते हुए यह आश्वासन दिया कि कनाडा में हर व्यक्ति को सुरक्षित माहौल दिया जाएगा, लेकिन भारत ने इसे केवल शब्दों की निंदा मानते हुए और ठोस कदम उठाने की मांग की है।

सोशल मीडिया पर पुलिस और खालिस्तानी समर्थकों के खिलाफ गुस्सा

सोशल मीडिया पर कनाडा पुलिस के खिलाफ गुस्सा फूट पड़ा है। कई यूजर्स ने आरोप लगाए हैं कि कनाडा पुलिस, खालिस्तानी समर्थकों का समर्थन कर रही है और हिंदू समुदाय को निशाना बना रही है। एक यूजर ने लिखा, “कनाडाई पुलिस का यह रवैया बेहद चिंताजनक है।” इस घटना के बाद से भारतीय समुदाय और दुनिया भर के लोगों में इस मुद्दे को लेकर आक्रोश बढ़ गया है।

इंडियन हाई कमीशन ने जारी किया बयान, सुरक्षा की मांग

कनाडा में भारतीय उच्चायोग ने इस हमले को लेकर बयान जारी किया है, जिसमें उन्होंने भारत विरोधी तत्वों द्वारा हिंसा की निंदा की। भारतीय उच्चायोग ने कहा कि वे इस घटना से बेहद चिंतित हैं और कनाडा सरकार से भारतीय नागरिकों और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आह्वान किया है। ओटावा में इंडियन हाई कमीशन ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए स्पष्ट किया कि ऐसे हमलों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

हालिया घटनाओं से चिंतित भारतीय समुदाय

पिछले कुछ वर्षों में कनाडा में हिंदू मंदिरों और समुदाय के लोगों को निशाना बनाने की घटनाओं में वृद्धि हुई है। ग्रेटर टोरंटो एरिया, ब्रिटिश कोलंबिया और कनाडा के अन्य हिस्सों में हिंदू मंदिरों पर हमले और तोड़फोड़ की घटनाएं आम हो गई हैं। इन घटनाओं ने भारतीय समुदाय को चिंतित कर दिया है, और वे कनाडा सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।

भारत ने कनाडा से सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की

विदेश मंत्रालय ने कनाडा सरकार से भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है। मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, “हम ब्रैम्पटन में हिंदू मंदिर पर हुए हमले की कड़ी निंदा करते हैं और कनाडा सरकार से सभी पूजा स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आह्वान करते हैं।”

You may also like

Leave a Comment

Adblock Detected

Please support us by disabling your AdBlocker extension in your browsers for our website.